TET परिणाम तक पदोन्नति प्रक्रिया स्थगित करने एवं वरिष्ठ सेवारत शिक्षकों के लिए विभागीय TET आयोजित करने की मांग

रायपुर, 17 सितंबर 2026।
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन कबीरधाम के जिला अध्यक्ष प्रेमनारायण शर्मा के नेतृत्व में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव से मुलाकात कर TET एवं सहायक शिक्षक पदोन्नति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की तथा अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष बताया कि छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में लंबे समय से सेवारत सहायक शिक्षक वरिष्ठता एवं सेवा अवधि की दृष्टि से पदोन्नति के पात्र हैं, लेकिन TET उत्तीर्ण न होने के कारण वर्तमान पदोन्नति प्रक्रिया में उनकी दावेदारी प्रभावित हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय के 29 मई 2026 के आदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि सेवारत शिक्षकों को TET की योग्यता प्राप्त करने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने तथा TET नियमित रूप से आयोजित करने, अधिमानतः वर्ष में दो बार, का प्रयास किए जाने की बात कही गई है। साथ ही सेवारत शिक्षकों के लिए TET प्राप्त करने की समय-सीमा 31 अगस्त 2028 तक बढ़ाए जाने का भी उल्लेख किया गया।
चर्चा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि TET का नया अवसर उपलब्ध कराए बिना पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कर दी जाती है, तो लंबे समय से सेवारत वरिष्ठ शिक्षक TET योग्यता प्राप्त करने से पहले ही पदोन्नति प्रक्रिया से बाहर हो सकते हैं। इससे उनकी वरिष्ठता एवं भविष्य की पदोन्नति की दावेदारी प्रभावित होने की आशंका है।
प्रतिनिधिमंडल की दो प्रमुख मांगें
1. TET परीक्षा के परिणाम तक पदोन्नति प्रक्रिया स्थगित की जाए
फेडरेशन ने मांग की कि आगामी TET परीक्षा आयोजित कर उसके परिणाम घोषित होने तक वर्तमान पदोन्नति प्रक्रिया को स्थगित रखा जाए, ताकि वरिष्ठ सेवारत शिक्षकों को TET उत्तीर्ण करने का अवसर मिल सके और उनकी वरिष्ठता एवं पदोन्नति की दावेदारी सुरक्षित रहे।
2. वरिष्ठ सेवारत शिक्षकों के लिए विभागीय TET आयोजित की जाए
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के 29 मई 2026 के आदेश की भावना के अनुरूप वरिष्ठ एवं सेवारत शिक्षकों को TET योग्यता प्राप्त करने का वास्तविक एवं उचित अवसर देने के लिए विभागीय स्तर पर TET परीक्षा शीघ्र आयोजित की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष स्पष्ट किया कि शिक्षक TET से छूट की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि TET की अनिवार्यता के साथ उसे प्राप्त करने का उचित अवसर चाहते हैं। साथ ही, TET प्राप्त करने के अवसर तक उनकी पदोन्नति की दावेदारी एवं वरिष्ठता सुरक्षित रखने की मांग की गई।
सार्थक चर्चा के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने प्रतिनिधिमंडल की दोनों मांगों को गंभीरता से सुना तथा मांगों पर विचार करने की बात कही। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि शासन सेवारत वरिष्ठ शिक्षकों के हित में इस विषय पर उचित निर्णय लेगा।
ज्ञापन देने वालों में
प्रेमनारायण शर्मा, केशलाल साहू, अमित शर्मा, झुमुकलाल बंछोर, ईश्वरी साहू, शंकरपाली, धरमु कुर्रे, प्रदीप मण्डावी, संजय साहू, शरद वर्मा, राकेश खरे, विजय झरिया, अरविंद निर्मलकर, सरजू मरकाम सहित फेडरेशन के अन्य साथी उपस्थित रहे।




