सरोधा बांध के ऑक्सीजन जोन में आबकारी विभाग की दबिश, दो प्रकरण दर्ज
अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी रोकने विभाग की सख्ती, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। सरोधा बांध के ऑक्सीजन जोन में अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में 28 अक्टूबर को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में गश्त के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत दो प्रकरण दर्ज किए।
पर्यटन स्थल पर निगरानी, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
सरोधा बांध का ऑक्सीजन जोन क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र है। ऐसे सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर शराबखोरी और अवैध मदिरा की गतिविधियों को रोकने के लिए विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(च), 34(2) एवं 36(च) के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
अन्य संवेदनशील क्षेत्रों पर भी नजर
आबकारी विभाग के अनुसार, जिले में अवैध मदिरा के विक्रय और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी की रोकथाम के लिए नियमित गश्त की जा रही है। सरोधा बांध के ऑक्सीजन जोन सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




