कैफे में पढ़ाई की जगह समय बिताते मिले छात्र-छात्राएं, पुलिस की सरप्राइज चेकिंग में खुली हकीकत

कवर्धा। स्कूल और कोचिंग जाने के नाम पर घर से निकलने वाले कई नाबालिग छात्र-छात्राएं शहर के कैफे और रेस्टोरेंट में समय बिताते मिले। कबीरधाम पुलिस ने लालपुर रोड स्थित कैफे और होटलों में सरप्राइज जांच कर इस प्रवृत्ति का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान कई छात्र-छात्राएं स्कूल बैग के साथ मौजूद मिले, वहीं कैफे में पर्दों और पार्टिशन के जरिए बनाए गए बंद केबिन भी पाए गए, जिन्हें तत्काल हटवाया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर एसडीओपी आशीष शुक्ला और कोतवाली प्रभारी योगेश कश्यप के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में कई प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। आगंतुकों का कोई रिकॉर्ड या रजिस्टर भी नहीं मिला। पुलिस ने संचालकों को पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने, नियमों का पालन करने और भविष्य में ऐसी व्यवस्था नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि लालपुर रोड के अलावा पीजी कॉलेज रोड, राजनांदगांव रोड, सिग्नल चौक, भोरमदेव रोड सहित अन्य क्षेत्रों में भी अभियान जारी रहेगा। एसडीओपी आशीष शुक्ला ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी




