विविध

कवर्धा में धान घोटाले का बड़ा खुलासा : कामठी समिति में 1 करोड़ का गबन, FIR के निर्देश से मचा हड़कंप

कवर्धा/पंडरिया। विकासखंड पंडरिया अंतर्गत कामठी धान खरीदी समिति में करोड़ों रुपये के धान घोटाले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खाद्य विभाग की जांच में खुलासा हुआ है कि समिति में 3289 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी-विक्रय दिखाकर करीब 1 करोड़ रुपये का गबन किया गया।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे मामले में प्रभारी प्रबंधक दयाराम पुसऊ, ऑपरेटर एवं अन्य संलिप्त लोगों द्वारा शासन की राशि का आपस में बंदरबांट किए जाने की आशंका जताई गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि गबन की पूरी राशि संबंधित कर्मचारियों और दोषियों से वसूली योग्य है।
खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन ने मामले को गंभीर आर्थिक अपराध मानते हुए कहा है कि धान उपार्जन नीति का खुला उल्लंघन कर शासन को भारी आर्थिक नुकसान पहुँचाया गया है। उन्होंने समिति प्रबंधक और ऑपरेटर के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।
इस खुलासे के बाद सहकारी समितियों में हड़कंप मच गया है। क्षेत्र में यह चर्चा तेज है कि धान खरीदी के नाम पर लंबे समय से फर्जीवाड़े का खेल चल रहा था। अब जांच की आंच अन्य समितियों तक पहुँचने की संभावना भी जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, मामले में जल्द ही पुलिस कार्रवाई और बड़े खुलासे हो सकते हैं। प्रशासन की नजर अब उन अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी है, जिनकी भूमिका इस पूरे घोटाले में संदिग्ध मानी जा रही है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button