पंडरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 मवेशियों के साथ 3 पशु तस्कर गिरफ्तार

पंडरिया। कबीरधाम जिले की कबीरधाम पुलिस ने पशु तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 मवेशियों को मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो गाय, बछड़ा और बछिया को बिना चारा-पानी के क्रूरता पूर्वक पैदल हांकते हुए मध्यप्रदेश ले जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्रामीणों एवं गौ सेवकों ने पंडरिया थाना पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ लोग मवेशियों को नायलॉन रस्सी से बांधकर अमानवीय तरीके से मध्यप्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ग्राम घुटुरकुंडी दैहान पहुंची, जहां तीन व्यक्ति 24 मवेशियों को मारते-पीटते हुए पैदल ले जाते मिले।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम इंदर सिंह धुर्वे (40 वर्ष), झंगलू धुर्वे (60 वर्ष) और समहर धुर्वे (30 वर्ष) निवासी लिम्हा, तहसील बजाग, थाना गोपालपुर, जिला डिंडौरी (मध्यप्रदेश) बताए।
जांच के दौरान पाया गया कि आरोपियों के पास मवेशियों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। कई पशुओं के गले और पैरों में रस्सियां कसकर बांधी गई थीं, जिससे उन्हें गंभीर पीड़ा हो रही थी। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे मवेशियों को बिक्री के उद्देश्य से मध्यप्रदेश ले जा रहे थे।
इस मामले में पंडरिया थाना में अपराध क्रमांक 108/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





