खेल के मैदान से मजबूत हो रहा पुलिस और आमजन का विश्वास, अपराधियों की अब खैर नहीं
वनांचल क्षेत्रों में कबीरधाम पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग पहल से युवाओं में बढ़ा उत्साह

कबीरधाम। जिले के वनांचल क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस लगातार खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह के निर्देशन में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर विश्वास कायम करने तथा क्षेत्र से अपराधिक तत्वों को जड़ से समाप्त करने के लिए विभिन्न जनहितकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इसी कड़ी में थाना रेंगाखार क्षेत्र के ग्राम बरेंडा और बावातालाब में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान खेल मैदान में उत्साह, उमंग और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
आयोजन समिति और क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें प्रतियोगिता में शामिल होने का आमंत्रण दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधिकारी लगातार ऐसे आयोजनों में सहभागिता निभाकर ग्रामीण युवाओं का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
क्रिकेट प्रतियोगिता में थाना रेंगाखार प्रभारी बी.एल. बीसेन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
थाना प्रभारी बी.एल. बीसेन ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं तथा उनमें अनुशासन, टीम भावना और भाईचारे की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि कबीरधाम पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं को मुख्यधारा से जोड़कर सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना भी है।
उन्होंने युवाओं से नशे और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
ग्रामीणों और आयोजन समिति के सदस्यों ने कबीरधाम पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से वनांचल क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है तथा पुलिस और जनता के बीच आत्मीय संबंध और अधिक मजबूत हो रहे हैं।





