दिल्ली में गडकरी से मिले सांसद संतोष पांडेय, धवईपानी–सिमगा फोरलेन, खैरागढ़-कवर्धा सड़क चौड़ीकरण और नए बायपास की उठाई मांग
कवर्धा। क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर कबीरधाम जिले की सड़क अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 अंतर्गत धवईपानी (छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक फोरलेन सड़क निर्माण, कवर्धा-खैरागढ़ मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा कवर्धा शहर के लिए नए बायपास सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
सांसद पांडेय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि धवईपानी से सिमगा तक लगभग 125 किलोमीटर लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इस सड़क पर प्रतिदिन भारी एवं हल्के वाहनों का आवागमन होता है। विशेष रूप से चिल्फी घाटी में आए दिन लंबा जाम लगने से यात्रियों और मालवाहक वाहनों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के फोरलेन बनने से यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
सांसद ने कवर्धा से खैरागढ़ तक सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग कबीरधाम और राजनांदगांव जिले के बीच प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन वर्तमान में सड़क जर्जर और संकरी होने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस सड़क के निर्माण के लिए सड़क एवं अवसंरचना कोष (CRIF) से स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
इसके साथ ही सांसद संतोष पांडेय ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कवर्धा शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए नए बायपास सड़क निर्माण की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि बायपास बनने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
सांसद पांडेय ने बताया कि इन तीनों मांगों को लेकर वे पूर्व में भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। इस बार भी उन्होंने विस्तृत प्रस्ताव सौंपते हुए शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तीनों प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए स्वीकृति दिलाने का ठोस आश्वासन दिया है।
मुलाकात के दौरान सांसद संतोष पांडेय ने सड़क एवं अवसंरचना कोष (CRIF) के तहत राजनांदगांव-खैरागढ़ मार्ग तथा राजनांदगांव-डोंगरगांव-मोहला-मानपुर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए राशि स्वीकृत किए जाने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार भी व्यक्त किया।





