अधूरे एनएच पुल ने छीनी चार युवकों की जिंदगी, मुआवजा विवाद में एक साल से रुका था निर्माण

पांडातराई/कवर्धा | 05 मई 2026 ब्रजेश गुप्ता
कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र स्थित गंडई कला गांव में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार युवकों की जान ले ली। नेशनल हाईवे पर अधूरे पुल और खराब सड़क व्यवस्था ने इस दुर्घटना को जन्म दिया, जिसने एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रायपुर के बीरगांव से पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे छह दोस्तों की कार (CG-10 AS-1082) रात करीब 9:30 बजे एक खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर लगभग 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज रायपुर में जारी है।
मृतकों की पहचान अरमान (22), मारूफ सैफ (20), कौनेन (20) और फैजल (20) के रूप में हुई है। सभी युवक बीरगांव के निवासी थे और शादी में शामिल होने जा रहे थे।
हादसे की बड़ी वजह: अधूरा पुल और लापरवाही
स्थानीय जांच में सामने आया कि हादसे का मुख्य कारण नेशनल हाईवे पर अधूरा पड़ा पुल और सड़क की खराब स्थिति है। घटनास्थल पर न तो कोई चेतावनी बोर्ड था, न बैरिकेडिंग और न ही पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और अचानक आने वाला अंधा मोड़ हादसे को न्योता दे रहे थे।
मुआवजा विवाद में अटका निर्माण
जानकारी के अनुसार, पुल का निर्माण कार्य पिछले एक साल से एक किसान के मुआवजा विवाद के चलते रुका हुआ है। चार साल पहले भूमि अधिग्रहण के दौरान संबंधित किसान को बिना सूचना और मुआवजा दिए काम शुरू कर दिया गया था। बाद में जांच में जमीन उसी किसान की निकली, लेकिन अब तक उसे मुआवजा नहीं मिला है, जिसके चलते निर्माण कार्य ठप पड़ा है।
पुलिस का बयान
पांडातराई थाना प्रभारी केके शुक्ला के अनुसार, दुर्घटना के समय कार की रफ्तार तेज थी। गड्ढों और खतरनाक मोड़ के कारण वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन तब तक चार युवकों की जान जा चुकी थी।
प्रशासन का आश्वासन
नेशनल हाईवे विभाग के एसडीओ एआर पैगवार ने बताया कि भू-अर्जन की प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है और किसान को मुआवजा देने की कार्रवाई अंतिम चरण में है। उन्होंने जल्द ही पुल निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने का आश्वासन दिया है।




