87 वर्षीय संत आशारामजी बापू के उपचार की समुचित व्यवस्था की मांग
न्यायालय के आदेशानुसार जोधपुर के आरोग्यम हॉस्पिटल में इलाज की अनुमति देने राष्ट्रपति, राजस्थान के राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

कवर्धा। पूज्य संत श्री आशारामजी बापू (87 वर्ष) की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए श्री योग वेदांत सेवा समिति कवर्धा ने उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं समुचित चिकित्सा उपचार की मांग उठाई है। इस संबंध में समिति ने कलेक्टर, जिला कबीरधाम के माध्यम से राष्ट्रपति, राजस्थान के राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं जेल महानिदेशक राजस्थान के नाम ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि न्यायालयों के पूर्व आदेशों के अनुरूप पूज्य बापूजी को जोधपुर स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल में उपचार की अनुमति प्रदान की जाए तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
समिति के अनुसार, पूज्य बापूजी हृदय रोग, टाइप-2 डायबिटीज और उच्च रक्तचाप सहित कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। बताया गया है कि 13 अक्टूबर 2026 को उन्हें गंभीर हृदयाघात भी हुआ था। चिकित्सकीय रिपोर्ट के अनुसार उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी और निरंतर चिकित्सा निगरानी आवश्यक है।
समिति ने जेल प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि आरोग्यम हॉस्पिटल में उनका उपचार जारी रखने की अनुमति दी जाए। इसके साथ ही 24 घंटे हृदय रोग विशेषज्ञ की निगरानी, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
समिति ने कहा कि यह मांग किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि गंभीर रूप से बीमार 87 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति को आवश्यक चिकित्सा उपचार और मानवीय गरिमा उपलब्ध कराने से जुड़ी है। समिति ने संबंधित अधिकारियों से इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा





