सांसद के प्रयास रंग लाए: कवर्धा मेडिकल कॉलेज को मिली एनएमसी की मान्यता

कवर्धा। कबीरधाम जिले के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से मान्यता का इंतजार कर रहे कवर्धा मेडिकल कॉलेज को आखिरकार नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से मान्यता मिल गई है। इस संबंध में आयोग ने स्वीकृति पत्र भी जारी कर दिया है।
क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने 16 जून 2026 को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर मेडिकल कॉलेज को मान्यता दिलाने का आग्रह किया था। पत्र में उन्होंने बताया था कि केंद्र सरकार पहले ही मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दे चुकी है और राज्य सरकार ने भवन निर्माण के लिए राशि भी स्वीकृत कर दी है। स्थायी भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है, जबकि इस सत्र से वैकल्पिक भवन में कॉलेज शुरू करने की तैयारी थी। इसके बावजूद अधोसंरचना संबंधी कारणों का हवाला देते हुए एनएमसी ने मान्यता पर आपत्ति जताई थी।
सांसद ने अपने पत्र में बताया था कि मेडिकल कॉलेज का संचालन फिलहाल जिला अस्पताल परिसर स्थित आयुष भवन से किया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर उद्योग भवन का भी उपयोग किया जाएगा। छात्र-छात्राओं के छात्रावास के लिए पुराने तहसील कार्यालय को चिन्हित किया गया है, जबकि जिला अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का भी उपयोग किया जा सकेगा। उन्होंने एनएमसी से मामले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था।
एनएमसी द्वारा मान्यता मिलने के बाद अब कवर्धा मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। इससे जिले में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है। सांसद संतोष पांडेय ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया।




