विविध

लूट के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद

शराब की बोतल से सिर पर वार कर पीड़ित को किया था लहूलुहान, कुकदूर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

सीजीएन न्यूज़ | कुकदूर, कबीरधाम
कुकदूर पुलिस ने लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी छोटू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पीड़ित से लूटी गई मोटरसाइकिल और एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने लूट के मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव (भापुसे) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेम सागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपी की लगातार पतासाजी कर रही थी।
बहाना बनाकर रुकवाई मोटरसाइकिल, फिर किया हमला
घटना 22 अप्रैल 2026 की है। पीड़ित शिकारी बैगा, निवासी ग्राम चिंयाडांड, अपनी मोटरसाइकिल से छोटू यादव निवासी ग्राम बरेण्डा, मध्यप्रदेश और उसके साथी छोटेलाल यादव को ग्राम कुण्डा-दामापुर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम जामुनपानी-बंदौरा के बीच जंगल में दोनों आरोपियों ने चक्कर आने और लघुशंका करने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल रुकवाई।
मोटरसाइकिल रुकते ही आरोपियों ने पीड़ित से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और शराब की बोतल से उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में पीड़ित लहूलुहान हो गया। इसके बाद आरोपी उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 309(6), 3(5) भारतीय न्याय संहिता में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्त में
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान 23 अगस्त 2026 को मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फरार आरोपी छोटू यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पीड़ित से लूटी गई हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09-JE-5165 और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक देवेन्द्र बंजारे, आरक्षक कृष्ण कुमार धुर्वे एवं महिला आरक्षक बिमला धुर्वे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने फरार आरोपी की तत्परता से गिरफ्तारी, लूट की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी और प्रभावी कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी सहित पूरी पुलिस टीम की सराहना की।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button