विविध

एशिया कप विजेता गीता यादव से मिले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

कवर्धा की बेटी ने बढ़ाया देश-प्रदेश का मान, खेल यात्रा और खिलाड़ियों की संभावनाओं पर हुई चर्चा

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने अपने कवर्धा निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य एवं कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव से मुलाकात की। उन्होंने गीता को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान श्री शर्मा ने गीता से उनकी खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कवर्धा की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों और विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।
चीन को हराकर भारत ने जीता खिताब
गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। 13 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता और एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।
मिडफील्डर के रूप में खेलीं गीता यादव ने टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल चार गोल किए। मलेशिया के खिलाफ भारत की 11-1 की जीत में गीता ने दो गोल किए, जबकि जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल दागकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
किसान परिवार से अंतरराष्ट्रीय हॉकी तक का सफर
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने गीता की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि सामान्य किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। गीता ने अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन से कवर्धा सहित पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाओं पर चर्चा
मुलाकात के दौरान कवर्धा में खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में खेलों की संभावनाओं को विस्तार देने को लेकर भी चर्चा हुई। श्री शर्मा ने गीता से खिलाड़ियों की जरूरतों और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
बोड़ला से भारतीय टीम तक
गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती शिक्षा कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा। बेहतर प्रदर्शन के दम पर वह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम से भी जुड़ीं।
गीता ने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।
मुलाकात के दौरान गीता ने अपनी खेल यात्रा के अनुभव उप मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। श्री शर्मा ने उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ते हुए देश एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button