विविध

आधी रात सागौन तस्करों पर संयुक्त छापा, लाखों की लकड़ी जब्त; एक आरोपी थाने से फरार

पंडरिया। पंडरिया पूर्व वन परिक्षेत्र में सागौन की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ पुलिस एवं वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में दो पिकअप वाहन, लाखों रुपये की सागौन लकड़ी, तैयार फर्नीचर, एक तलवार तथा लकड़ी काटने के पांच बड़े आरे जब्त किए गए हैं। वहीं हिरासत में लिया गया एक आरोपी पंडरिया थाना परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
एसडीओपी भूपत सिंह धनेश्री के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजे कुकदूर की ओर से आ रही एक संदिग्ध पिकअप को रोककर पूछताछ की गई। चालक ने बताया कि वह ग्राम रेहूंटा खुर्द में लकड़ी उतारने जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम गांव पहुंची, जहां दूसरी पिकअप से पहले ही सागौन की लकड़ी उतारी जा रही थी। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई और दोनों विभागों ने गांव की घेराबंदी कर संयुक्त कार्रवाई शुरू की।
सोमवार सुबह न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद वन विभाग ने रेहूंटा खुर्द में कई स्थानों पर दबिश दी। एक बढ़ई के घर से सागौन की लकड़ी से बने दरवाजे, दीवान और डाइनिंग टेबल बरामद किए गए, जबकि दूसरे बढ़ई के घर से 110 नग सागौन के लट्ठे और बल्लियां मिलीं। दोनों पिकअप से कुल 31 नग सागौन के लट्ठे (करीब 1.987 घन मीटर) जब्त किए गए, जिनकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से एक तलवार और लकड़ी काटने के पांच बड़े आरे भी बरामद किए गए हैं। तस्करी में प्रयुक्त दोनों पिकअप (सीजी-10 सीसी-8107 एवं सीजी-10 सी-4415) लोरमी क्षेत्र के ग्राम बांधा की बताई गई हैं। पुलिस ने एक चालक जैलु सोनवानी को हिरासत में लिया, जबकि दूसरे चालक आशीष कश्यप ने पंडरिया थाना परिसर से फरार होकर पुलिस को चुनौती दे दी।
वन विभाग की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त सागौन की लकड़ी पंडरिया पूर्व रेंज के कक्ष क्रमांक 511 तथा बदौरा बीट के जंगलों से अवैध रूप से काटी गई थी। विभाग ने जंगल में कटे हुए सागौन के ठूंठ भी चिन्हित कर लिए हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध कटाई का यह नेटवर्क कब से सक्रिय था और इसमें कितने लोग शामिल हैं। पुलिस और वन विभाग फरार आरोपी की तलाश के साथ पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button