11 करोड़ की लागत से बने हाईटेक बस स्टैंड में सुविधाओं के विस्तार की तैयारी, यात्रियों को जल्द मिलेगा बेहतर अनुभव

कवर्धा। शहर को आधुनिक परिवहन सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से 11 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्मित हाईटेक बस स्टैंड का संचालन 6 जून से शुरू हो चुका है। नए बस स्टैंड से प्रतिदिन करीब 120 बसों का संचालन हो रहा है, जिससे छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र के यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल रही है।
बस स्टैंड शुरू होने के साथ ही यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन यहां उपलब्ध सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। यात्रियों के बैठने, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से बेहतर बनाया जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि बस स्टैंड लंबे समय बाद पुनः संचालित हुआ है। भवन की मरम्मत, बिजली केबल, कांच, सूचना बोर्ड और अन्य बुनियादी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया है। अब यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
बस स्टैंड परिसर में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वर्तमान में तीन-तीन हजार लीटर क्षमता की टंकियां संचालित हैं। आने वाले दिनों में अतिरिक्त वाटर कूलर भी लगाए जाएंगे ताकि यात्रियों को पर्याप्त शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।
यात्रियों के बैठने की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई कुर्सियां और बेंच लगाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। नगर पालिका का लक्ष्य अगले एक माह के भीतर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इसके अलावा बसों की समय-सारिणी प्रदर्शित करने के लिए एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाने पर भी विचार किया जा रहा है। यात्रियों को भोजन, चाय और अन्य आवश्यक सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सके, इसके लिए बस स्टैंड परिसर में निर्मित व्यावसायिक दुकानों को भी शीघ्र संचालित कराने की योजना बनाई जा रही है।
नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नए हाईटेक बस स्टैंड को सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।





