जलाशय की सुरक्षा से लेकर नहरों के रखरखाव तक, ग्रामीणों से हुआ सीधा संवाद
सगोना में जल संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों व किसानों ने साझा किए सुझाव

कवर्धा, 29 सितंबर 2026। जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही जल संरचनाओं को सुरक्षित और उपयोगी बनाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत मुनमुना के ग्राम सगोना में क्रांति जलाशय योजना को लेकर जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में क्रांति जलाशय की बांध सुरक्षा, जल के विवेकपूर्ण उपयोग और नहर प्रणाली के नियमित रखरखाव से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर ग्रामीणों और किसानों को जानकारी दी गई। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने जलाशय और नहरों के संरक्षण में ग्रामीणों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी के.के. शर्मा ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को जलाशय की सुरक्षा व्यवस्था, जल के समुचित उपयोग तथा नहर प्रणाली के रखरखाव की आवश्यकताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल संरचनाओं की सुरक्षा और बेहतर उपयोग के लिए विभागीय प्रयासों के साथ स्थानीय स्तर पर जागरूकता एवं सहभागिता भी जरूरी है।
किसानों ने रखे अपने सुझाव
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों और कृषकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। किसानों ने नहर प्रणाली के बेहतर रखरखाव, जल के उचित वितरण और जल संरक्षण को लेकर अपने सुझाव साझा किए। कार्यक्रम में जल के अपव्यय को रोकने तथा उपलब्ध जल संसाधनों का योजनाबद्ध उपयोग करने पर भी चर्चा हुई।
बांध स्थल का किया संयुक्त निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों, जल संसाधन विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों ने क्रांति जलाशय के बांध स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान जल संरचना की स्थिति का जायजा लेते हुए बांध सुरक्षा और रखरखाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक-04 पंडरिया राजकुमार नेताम, सरपंच श्रीमती लीलाबाई, पंचगण श्रीमती शांतिबाई श्याम, श्रीमती घुलियाबाई मरकाम, शंकर धुर्वे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कृषक उपस्थित रहे। वहीं जल संसाधन विभाग के एसडीओ के.के. शर्मा, स्थल सहायक उमेश तिवारी सहित विभागीय कर्मचारी भी मौजूद रहे।




