पंडरिया के सरकारी स्कूलों में पहुंचेगी मोबाइल साइंस लैब, छात्र सीखेंगे AI, ड्रोन और रोबोटिक्स

पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को अब आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा का अवसर मिलेगा। विधायक भावना बोहरा की पहल पर जल्द ही “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का शुभारंभ किया जाएगा। इस पहल के तहत मोबाइल लैब विधानसभा क्षेत्र के शासकीय हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों और सरस्वती शिशु मंदिरों तक पहुंचेगी, जहां विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन, एयरोमॉडलिंग, 3डी प्रिंटिंग, कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) तथा एआर/वीआर जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मोबाइल लैब में पांच अनुभवी प्रशिक्षकों की टीम प्रत्येक विद्यालय में तीन से पांच दिन की कार्यशाला आयोजित करेगी। प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राएं स्वयं ड्रोन उड़ाना, रोबोट संचालित करना, कोडिंग करना और 3डी मॉडल तैयार करना सीखेंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। प्रथम चरण में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। इस योजना से प्रतिवर्ष 5,000 से अधिक विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि बदलते दौर में विज्ञान और तकनीक की शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना इस पहल का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, जरूरत केवल सही अवसर देने की है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी पंडरिया विधानसभा में महाविद्यालयीन छात्राओं के लिए 10 निःशुल्क बसों का संचालन शुरू किया गया है, जिससे अब तक 1,500 से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए पंडरिया में “लक्ष्य” निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से IIT-JEE, NEET और CGPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जा रही है।
विधायक ने कहा कि “भावना दीदी की साइंस पाठशाला” ग्रामीण शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और आगामी कुछ दिनों में मोबाइल इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब का शुभारंभ कर विद्यार्थियों को इसका लाभ दिलाया जाएगा।




