विविध

होटल-ढाबों पर कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब परोसने वालों पर शिकंजा; स्कूटी से देशी शराब जब्त

कवर्धा। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए कबीरधाम पुलिस ने होटल, ढाबा और रेस्टोरेंटों में बड़े पैमाने पर सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई संचालक ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसते मिले, जिनके खिलाफ मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं एक होटल संचालक की स्कूटी से प्लेन देशी शराब भी जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल और अमित पटेल के मार्गदर्शन में एसडीओपी कवर्धा आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस, एएनटीएफ और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शहर के नवीन बाजार, नया बस स्टैंड, राजनांदगांव बायपास सहित विभिन्न क्षेत्रों के होटल, ढाबा और रेस्टोरेंटों में एक साथ दबिश दी।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में ग्राहकों को बैठाकर अवैध रूप से शराब पिलाई जाती मिली। पुलिस ने संबंधित संचालकों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान एक होटल संचालक की स्कूटी की तलाशी में प्लेन देशी शराब बरामद हुई, जिसे जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसडीओपी आशीष शुक्ला ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब परोसने, शराब पिलाने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब बिक्री, शराब पिलाने या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिलेभर में ऐसे आकस्मिक निरीक्षण और विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button