विविध

फार्महाउस में चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, 11 जुआरी गिरफ्तार; डेढ़ लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त

कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खैरबनाकला स्थित एक फार्महाउस में संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और ताश की गड्डियां जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार 700 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम खैरबनाकला स्थित राघव यादव के फार्महाउस में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से अंदर-बाहर का जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से फार्महाउस की घेराबंदी कर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान 11 लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते मिले, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 25,700 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत 65 हजार रुपये), 2 मोटरसाइकिल (अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये) तथा ताश की गड्डियां जब्त कीं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 4 एवं 5 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली योगेश कश्यप, एएनटीएफ प्रभारी महेश प्रधान, साइबर थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर सहित संयुक्त टीम के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button