भोरमदेव पदयात्रा 3 अगस्त: 500 से अधिक जवान तैनात, 8 चेकपोस्ट-8 सेक्टर पेट्रोलिंग, ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी

कवर्धा। सावन के पहले सोमवार 3 अगस्त को आयोजित होने वाली बूढ़ा महादेव मंदिर से भोरमदेव पदयात्रा एवं कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था तैयार कर ली है। हजारों शिवभक्तों की संभावित भीड़ को देखते हुए इस बार पूरे 18 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग को सुरक्षा और सुविधा कॉरिडोर के रूप में विकसित किया गया है।
यात्रा मार्ग पर 500 से अधिक पुलिस जवान, होमगार्ड, अधिकारी एवं स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिए 8 सेक्टर पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त करेंगे, जबकि 8 चेकपोस्ट पर श्रद्धालुओं और वाहनों की निगरानी की जाएगी। पूरे मार्ग की ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के माध्यम से कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग होगी।
बारिश को देखते हुए सड़क सुधार कार्य तेज
लोक निर्माण विभाग ने भी यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यपालन अभियंता रंजीत घाटगे के नेतृत्व में मार्ग के गड्ढों की मरम्मत, सड़क किनारे रेन-कट निर्माण तथा समनापुर-सकरी पुल की विशेष सफाई कराई जा रही है, ताकि जलभराव की स्थिति न बने।
हर कुछ दूरी पर जलपान और विश्राम की व्यवस्था
करीब 18 किलोमीटर लंबे पदयात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए हर 2 से 3 किलोमीटर पर पेयजल, नींबू शरबत, चाय, नाश्ता और विश्राम स्थल बनाए जाएंगे। भोरमदेव मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को कवर्धा वापस लाने के लिए निशुल्क बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
रविवार और सोमवार को रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
प्रशासन ने सावन के प्रत्येक रविवार और सोमवार को भोरमदेव मुख्य मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है। पदयात्रियों के लिए समनापुर तिराहा-राजानवागांव-भोरमदेव मार्ग सुरक्षित रखा जाएगा। वहीं चारपहिया एवं भारी वाहनों को भारत माता चौक और राजमहल चौक से लालपुर-सरोधा बांध मार्ग होते हुए रामचुवा-भोरमदेव की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
वाटरप्रूफ पंडाल, मेडिकल टीम और एंबुलेंस रहेंगी उपलब्ध
मंदिर परिसर में संभावित बारिश को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल लगाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, पूजा व्यवस्था, प्राथमिक उपचार, मेडिकल टीम, एंबुलेंस, सुरक्षा और पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की गई है।
पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सड़क के बाईं ओर चलने, यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति, स्वास्थ्य समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस सहायता केंद्र को देने की अपील की है।




