गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, समय पर पूरा हो सड़क निर्माण कार्य: सांसद संतोष पांडेय

कवर्धा। क्षेत्रीय सांसद Santosh Pandey ने राष्ट्रीय राजमार्ग-130 अंतर्गत पोंडी में निर्माणाधीन बायपास सड़क तथा उसलापुर चौक से पोंडी होते हुए लेंजाखार चौक तक बन रही सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का बारीकी से जायजा लिया तथा अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद पांडेय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सांसद ने बताया कि उनके प्रयासों से मुंगेली से पोंडी तक टू-लेन सड़क निर्माण के लिए 218.57 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके अलावा तखतपुर-मुंगेली-पंडरिया मार्ग एवं पोंडी बायपास निर्माण के लिए 351.19 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। वहीं उसलापुर चौक से पोंडी होते हुए लेंजाखार चौक तक सड़क एवं नाली निर्माण कार्य की भी स्वीकृति दी गई है, जिनका निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। साथ ही बायपास निर्माण से भारी वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश कम होगा, जिससे यातायात सुगम होगा और लोगों के समय की भी बचत होगी। सांसद ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं और जनता को इसका लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयराम साहू, भाजयुमो के पूर्व जिला महामंत्री सचिन गुप्ता, ऋषि मिश्रा, रामावतार निषाद, राजू मानिकपुरी, वेद साहू सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





