बीईओ कार्यालय लोहारा में अवकाश रिकॉर्ड में बड़ी गड़बड़ी छुट्टी ली, वेतन भी मिला लेकिन लीव बैलेंस से एक दिन भी नहीं घटा

कवर्धा/सहसपुर लोहारा। सहसपुर लोहारा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय में कर्मचारियों के अवकाश रिकॉर्ड में गंभीर अनियमितता सामने आई है। ऑडिट टीम की जांच में खुलासा हुआ कि कर्मचारियों ने अर्जित अवकाश (ईएल) और चिकित्सा अवकाश (एमएल) लिया, उन दिनों का वेतन भी प्राप्त किया, लेकिन सेवा पुस्तिका में उनके लीव बैलेंस से छुट्टियां घटाई ही नहीं गईं।
ऑडिट टीम ने सैंपल जांच के दौरान आठ कर्मचारियों के रिकॉर्ड की जांच की। जांच में सभी आठ मामलों में गड़बड़ी मिली। कर्मचारियों के अवकाश की प्रविष्टि न तो सही तरीके से सेवा पुस्तिका में दर्ज की गई और न ही लीव अकाउंट में कटौती दिखाई गई।
उपस्थिति रजिस्टर और सर्विस बुक में अंतर
सरकारी नियमों के अनुसार किसी भी कर्मचारी के अवकाश की प्रविष्टि उपस्थिति पंजी और सेवा पुस्तिका दोनों में दर्ज होना अनिवार्य है। इसी आधार पर कर्मचारी का अवकाश शेष तय किया जाता है। लेकिन बीईओ कार्यालय में यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। इसके कारण कर्मचारियों का लीव बैलेंस रिकॉर्ड में जस का तस बना रहा।
ऑडिट टीम ने आशंका जताई है कि यदि पूरे ब्लॉक के संविलियन कर्मचारियों के रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जाए तो मामला और बड़ा हो सकता है।
ऑडिट टीम ने दिए सुधार के निर्देश
ऑडिट टीम ने जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से बीईओ कार्यालय को निर्देश जारी कर कहा है कि 1 जुलाई 2018 के बाद संविलियन हुए सभी कर्मचारियों के अर्जित, चिकित्सा और संतान पालन अवकाश की जानकारी उपस्थिति पंजी के आधार पर संबंधित संस्था प्रमुख एवं कर्मचारी के हस्ताक्षर सहित सेवा पुस्तिका में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।
हालांकि अब तक रिकॉर्ड सुधार कर अंतिम जानकारी भेजे जाने की पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्रभारी बीईओ ने क्या कहा
प्रभारी बीईओ देवेन्द्र साहू ने बताया कि पूर्व में ऑडिट टीम की ओर से मेल प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट भेजी गई है या नहीं, इसकी जानकारी रिकॉर्ड देखकर ही दी जा सकेगी। उस समय वे एबीईओ के पद पर थे और उन्हें केवल ऑडिट आपत्तियों के निराकरण में सहयोग करने के निर्देश मिले थे।





