एम्स की तर्ज पर विकसित होगा कवर्धा मेडिकल कॉलेज, 50 एकड़ में बनेगा आधुनिक हेल्थ कैंपस

कवर्धा। जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम घोठिया में निर्माणाधीन शासकीय मेडिकल कॉलेज को एम्स की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी है। यह केवल मेडिकल कॉलेज या अस्पताल नहीं, बल्कि एक सर्वसुविधायुक्त मेडिकल टाउनशिप के रूप में तैयार किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए शासन ने 306 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं और निर्माण कार्य तेजी से जारी है। वर्तमान में घोठिया में 42 एकड़ भूमि मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित है। अब स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त 7 एकड़ सरकारी जमीन की मांग शासन से की है। इसमें बीज निगम की 5 एकड़ और 2 एकड़ अन्य शासकीय भूमि शामिल है।
यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है तो मेडिकल कॉलेज परिसर करीब 50 एकड़ में विकसित होगा। सीएमएचओ डॉ. डीके तुरे ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल को एम्स स्तर की सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त जमीन की मांग की गई है।
इसी सत्र से शुरू होगी एमबीबीएस की पढ़ाई
नए शिक्षा सत्र से मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी। प्रथम वर्ष में 50 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। मुख्य भवन के निर्माण में अभी समय लगने के कारण जिला अस्पताल के पास अस्थाई कैंपस तैयार किया गया है, जहां शुरुआती दौर में प्रशासनिक कार्य, कक्षाएं और बेसिक लैब संचालित होंगी।
मेडिकल कैंपस में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
मास्टर प्लान के अनुसार मेडिकल कॉलेज परिसर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज भवन, प्रशासनिक भवन, छात्रावास, डॉक्टरों के आवास, स्टाफ क्वार्टर सहित कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा बैंक, एटीएम, पोस्ट ऑफिस, मेडिकल स्टोर, लॉन्ड्री, सेलून और अन्य व्यावसायिक सुविधाएं भी एक ही कैंपस में उपलब्ध रहेंगी।




