कबीरधाम के 145 धान खरीदी केंद्रों में 10 नवंबर तक पूरी होंगी तैयारियां
37 नए केंद्र भी शामिल, किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था अनिवार्य

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए कबीरधाम जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला प्रशासन ने जिले के सभी 145 धान उपार्जन केंद्रों में 10 नवंबर तक आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इनमें 108 पुराने और 37 नए केंद्र शामिल हैं।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य विभाग ने समिति प्रबंधकों और केंद्र प्रभारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को शासन की धान खरीदी गाइडलाइन का प्रशिक्षण भी दिया गया।
किसानों को मिलेंगी जरूरी सुविधाएं
प्रशासन ने सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, छायादार स्थान, बैठने की व्यवस्था, सुगम पहुंच मार्ग और जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा तौल कांटों का सत्यापन, बारदाना, कंप्यूटर, प्रिंटर, बिजली, सीसीटीवी कैमरे और प्राथमिक उपचार पेटी की व्यवस्था भी निर्धारित मापदंडों के अनुसार करने को कहा गया है।
अवैध खरीदी पर रहेगी नजर
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी वास्तविक किसानों के वास्तविक रकबे के आधार पर की जाएगी। व्यापारियों, बिचौलियों और कोचियों के माध्यम से होने वाली अवैध खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए निगरानी और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।




