
जिला कबीरधाम के थाना पंडरिया क्षेत्र में पुलिस ने आईपीएल सीजन के दौरान अवैध सट्टा गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 और 13 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात मुखबिर की सूचना पर थाना पंडरिया की टीम ने घोघरापारा क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान बैरागपारा पंडरिया निवासी दीपक चन्द्राकर (21 वर्ष) और अरुण कुमार निषाद (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने ऑनलाइन आईपीएल मैचों में सट्टा लगाने और खिलाने की बात स्वीकार की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो और मोटोरोला कंपनी के दो मोबाइल फोन जप्त किए। जांच में इन मोबाइलों में सट्टा संचालन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनमें रेड्डीबुक ऐप, टेलीग्राम चैनल और फोनपे के माध्यम से किए गए लेन-देन शामिल हैं। पुलिस अब सट्टा आईडी, बैंक ट्रांजेक्शन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
थाना पंडरिया में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 86/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 06 और 07 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आईपीएल के नाम पर सट्टेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि खेल का आनंद खेल भावना से लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक अजय सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





