
कबीरधाम, 1 अप्रैल 2026।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें चिटफंड प्रकरणों, स्थायी वारंट तामिली और लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने की। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) आशीष शुक्ला सहित निरीक्षक विमल लवानिया, योगेश कश्यप, लालमन साव, डीसीबी प्रभारी सफीक कुरैशी, लोकेश शर्मा, एवन नेताम और हेमंत ठाकुर उपस्थित रहे।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने चिटफंड से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन प्रकरणों में शामिल आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंटों की तामिली में तेजी लाने के लिए विशेष टीम गठित कर अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। उद्देश्य यह है कि फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि जनता से प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके। बैठक में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा पुलिस सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
कबीरधाम पुलिस द्वारा नागरिकों को बेहतर सेवा देने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।





