रामपुर (ठाठापुर) में ₹97.43 लाख के विकास कार्यों का शुभारंभ, ग्रामीण अधोसंरचना को मिलेगी मजबूती

कवर्धा/ पंडरिया -:. विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रामपुर (ठाठापुर) में विकास कार्यों को नई दिशा देते हुए विधायक भावना बोहरा ने ₹97.43 लाख की लागत से प्रस्तावित विभिन्न अधोसंरचना परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के साथ-साथ महिला स्व-सहायता समूहों के लिए आजीविका मिशन अंतर्गत प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया।
इन कार्यों में बॉक्स कल्वर्ट एवं आरसीसी नाली निर्माण, स्टॉपडेम, चेकडेम, पुलिया तथा सीसी रोड शामिल हैं, जिनका उद्देश्य जल प्रबंधन को सुदृढ़ करना, आंतरिक संपर्क मार्गों को बेहतर बनाना और ग्रामीण सुविधाओं का विस्तार करना है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पुल-पुलिया, नाली, सीसी रोड और जल संरक्षण संरचनाओं से खेती, जल प्रबंधन और गांवों की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण सड़कों के उन्नयन से आवागमन सुगम हुआ है और बिजली व पेयजल जैसी बुनियादी सेवाएं अब अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंच रही हैं।
उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा का हर गांव विकास की राह पर अग्रसर है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इन विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।





