तक्ष पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
विद्यार्थियों ने निभाई शिक्षक की भूमिका, शिक्षकों का किया सम्मान

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
प्राकृतिक वातावरण में स्थित एवं हृदय पंच शिक्षण समिति द्वारा संचालित तक्ष पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल, लालपुर चौक, कवर्धा में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के डायरेक्टर डॉ. कुशलचंद दशोमती साहू ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विद्या की देवी मां सरस्वती एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर तिलक-चंदन एवं माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर डायरेक्टर डॉ. कुशलचंद दशोमती साहू ने सभी गुरुजनों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक हमारे जीवन के मार्गदर्शक होते हैं। वे विद्यार्थियों को सही राह दिखाने के साथ उनके जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं।
शिक्षकों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकों का सम्मान किया गया। संस्था के डायरेक्टर द्वारा शिक्षकों को उपहार भेंट कर उनके योगदान के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया।
विद्यार्थियों ने निभाई शिक्षक की भूमिका
शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। बच्चों ने स्वयं शिक्षक की भूमिका निभाते हुए कक्षाओं में विद्यार्थियों को पढ़ाया। इस गतिविधि के माध्यम से उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी एवं अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने का प्रयास किया गया।
विद्यार्थियों ने भविष्य में शिक्षक बनकर समाज की सेवा करने का संकल्प भी लिया।
मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सुंदर एवं मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।
तक्ष पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल परिवार ने सभी गुरुजनों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।





