प्रधानमंत्री मोदी के सेवा, समर्पण और विश्वास के 12 वर्ष पूर्ण होने पर स्वच्छता दीदियों का सम्मान, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने वितरित की स्वच्छता किट

कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, समर्पण, विश्वास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर पालिका परिषद कवर्धा में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी एवं उनकी टीम ने नगर पालिका में कार्यरत 79 स्वच्छता दीदियों का सम्मान करते हुए उन्हें स्वच्छता किट का वितरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने स्वच्छता दीदियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है। पिछले 12 वर्षों में स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत आधार मिला है, जिसका सकारात्मक प्रभाव देशभर में देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि आज लाखों महिलाएं स्वच्छता से जुड़े कार्यों के माध्यम से सम्मानजनक आजीविका अर्जित कर रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सशक्त बना रही हैं। स्वच्छता दीदियां न केवल सफाई व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणादायक मिसाल भी बन चुकी हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष ने स्वच्छता दीदियों के अथक परिश्रम, अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन वे विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही हैं तथा घर-घर जाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैला रही हैं, जिससे नगर की स्वच्छता व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है।




