विविध

ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह पर कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मोबाइल और डिजिटल साक्ष्य के साथ आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

L
कबीरधाम, 25 मई 2026।
जिले में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कबीरधाम पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में चौकी पोड़ी पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मई 2026 को चौकी पोड़ी पुलिस एवं साइबर टीम जुआ-सट्टा संबंधी अभियान के तहत क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बैहरसरी में एक युवक एंड्रॉइड मोबाइल के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन दांव लगाकर सट्टा संचालन कर रहा है।
सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने विधिवत पंचनामा तैयार कर गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर घेराबंदी कर संदेही युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रघुवीर वर्मा (22 वर्ष) निवासी ग्राम बैहरसरी, चौकी पोड़ी, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से वीवो कंपनी का वी-50 एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किया गया, जिसमें एयरटेल कंपनी का मोबाइल नंबर संचालित पाया गया। मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप चैट, इंटरनेट हिस्ट्री और अन्य डिजिटल सामग्री में आईपीएल क्रिकेट सट्टा संचालन से जुड़े लिंक एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के प्रमाण मिले।
पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेलने और सट्टे की रकम का लेनदेन करने की बात स्वीकार की। पुलिस द्वारा वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिए जाने के बावजूद आरोपी कोई वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी रघुवीर वर्मा के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वीवो वी-50 मोबाइल फोन, मोबाइल सिम तथा ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों से संबंधित 20 पृष्ठों के डिजिटल स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं।
आरोपी को 24 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी पोड़ी पुलिस एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन सट्टा, जुआ अथवा साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button