विविध

सेवानिवृत्त शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

यूथ क्लब ने आयोजित किया शिक्षक गौरव एवं खेल प्रतिभा सम्मान समारोह 2026, मुख्य अतिथि अभिषेक अग्रवाल ने प्रतिभाओं को किया प्रोत्साहित

कवर्धा। यूथ क्लब कवर्धा द्वारा मंगलवार को यूथ क्लब भवन में शिक्षक गौरव एवं खेल प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में जिले के सेवानिवृत्त शिक्षकों, राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने वाले खिलाड़ियों तथा खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, मां सरस्वती एवं हनुमान जी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
100 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
यूथ क्लब द्वारा जिले के 40 सेवानिवृत्त शिक्षकों, विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता करने वाले 45 स्कूली खिलाड़ियों तथा 15 व्यायाम शिक्षकों एवं खेल प्रशिक्षकों, कुल 100 प्रतिभाओं को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित खिलाड़ियों में सॉफ्टबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कराटे, बेसबॉल सहित विभिन्न खेलों के प्रतिभागी शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने स्कूली प्रतियोगिताओं से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
50 वर्षों से खेल और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय यूथ क्लब
समारोह में यूथ क्लब के अध्यक्ष बलवीर खनूजा ने क्लब की गतिविधियों और उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि यूथ क्लब पिछले 50 वर्षों से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ-साथ सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों तथा शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यों के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है।
उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य युवाओं को खेल, सामाजिक सेवा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
खिलाड़ियों को सफलता के बताए मंत्र
मुख्य अतिथि अभिषेक अग्रवाल ने सेवानिवृत्त शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों एवं खेल प्रतिभाओं के सम्मान के लिए यूथ क्लब द्वारा किए गए आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं, वहीं खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, संघर्ष और टीम भावना का विकास करते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन, लक्ष्य के प्रति समर्पण, समय का सदुपयोग और असफलताओं से सीखने की क्षमता जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
श्रीफल, शॉल, प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मान
सम्मान समारोह के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों, व्यायाम शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को श्रीफल, शॉल, प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों और खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी और गर्व का भाव नजर आया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अभिषेक अग्रवाल सहित विभिन्न समाजों के प्रमुखों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, पत्रकारों तथा यूथ क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सम्मानित अतिथियों और प्रतिभाओं का सम्मान किया।
शिक्षा और खेल सकारात्मक बदलाव के महत्वपूर्ण माध्यम
समारोह में शिक्षकों के योगदान और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को याद करते हुए यूथ क्लब की ओर से कहा गया कि समाज में शिक्षा और खेल दोनों ही सकारात्मक परिवर्तन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
जसविंदर बग्गा ने किया संचालन, संजय तिवारी ने माना आभार
कार्यक्रम का संचालन यूथ क्लब के पूर्व अध्यक्ष जसविंदर बग्गा ने किया। उन्होंने समारोह के विभिन्न चरणों का कुशलतापूर्वक संचालन करते हुए उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षकों को कार्यक्रम से जोड़े रखा।
कार्यक्रम के अंत में यूथ क्लब के सह सचिव संजय तिवारी ने सभी अतिथियों, सम्मानित शिक्षकों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, समाज प्रमुखों, पत्रकारों तथा क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यूथ क्लब भविष्य में भी शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा समाजहित के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
समारोह का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मानित शिक्षकों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षकों में उत्साह का माहौल रहा और यूथ क्लब के आयोजन की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button