घोंघा के चार व्याख्याताओं को मिला टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रामकुमार बघेल, राजेश कुमार साहू, हेमंत कुमार सोनी और ब्रजेश कुमार गुप्ता हुए सम्मानित

कवर्धा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कवर्धा के दुर्गावती चौक स्थित पीएमश्री अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 समारोह का आयोजन किया गया। कोलंबिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर डॉ. सुमित श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में कबीरधाम जिले के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अध्यापन कराने वाले लगभग 250 व्याख्याताओं एवं प्राचार्यों को सम्मानित किया गया।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर शासकीय हाई स्कूल घोंघा के चार व्याख्याता रामकुमार बघेल, राजेश कुमार साहू, हेमंत कुमार सोनी एवं ब्रजेश कुमार गुप्ता को भी शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए टीचर एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी कबीरधाम श्री एफ.आर. वर्मा, विशिष्ट अतिथि सहायक संचालक श्री एम.के. गुप्ता, श्री यू.आर. चंद्राकर एवं एमआईएस प्रशासक श्री एस.के. यदु द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर किया गया।
इस अवसर पर डॉ. सुमित श्रीवास्तव ने शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर अपने विचार रखे। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और शिक्षकों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करने वाला बताया।
यह सम्मान शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों, विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा प्रदान करने तथा उन्हें जीवन में बेहतर दिशा की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने जैसे महत्वपूर्ण योगदानों के आधार पर प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ.आर. वर्मा ने कोलंबिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने सम्मानित सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करते हुए कबीरधाम जिले का नाम रोशन करेंगे।
शासकीय हाई स्कूल घोंघा के चार व्याख्याताओं को मिला यह सम्मान विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बना हुआ है।




