विविध

तक्ष पब्लिक स्कूल में बाल मेला एवं दादा-दादी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

लालपुर कला में बच्चों ने लगाए विभिन्न स्टॉल, दादा-दादी के लिए आयोजित हुई मनोरंजक प्रतियोगिताएं

कवर्धा। तक्ष पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल, लालपुर कला में बाल मेला एवं दादा-दादी सम्मान समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संस्था के डायरेक्टर डॉ. कुशलचंद दशोमती साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
इस अवसर पर डायरेक्टर डॉ. कुशलचंद दशोमती साहू ने उपस्थित दादा-दादी का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि बच्चों के जीवन में दादा-दादी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। वे अपने अनुभव, संस्कार, नैतिक शिक्षा और अनुशासन के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम योगदान देते हैं। दादा-दादी परिवार के बरगद के वृक्ष के समान होते हैं, जिनकी छाया में नई पीढ़ी को सही दिशा और जीवन के अनमोल संस्कार मिलते हैं।
समारोह में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी दादा-दादी को श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके लिए मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। विशेष रूप से बाल फेंक प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें दादा-दादी ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
बाल मेले में बच्चों ने सीखा व्यापार का व्यावहारिक ज्ञान
बाल मेले में विद्यार्थियों ने अलग-अलग प्रकार के स्टॉल लगाकर खरीद-बिक्री और व्यापारिक गतिविधियों का अनुभव प्राप्त किया। बच्चों ने लेन-देन, व्यवहार कुशलता, प्रबंधन एवं आत्मनिर्भरता के गुर सीखे। वहीं, बच्चे अपने घरों से पारंपरिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर भी लाए थे। डायरेक्टर डॉ. साहू ने व्यंजनों का निरीक्षण किया तथा उत्कृष्ट व्यंजन तैयार करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम स्थान के लिए चयनित किया।
कार्यक्रम के समापन पर शाला प्रबंधन समिति ने आयोजन की सराहना करते हुए सभी दादा-दादी, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन बच्चों में पारिवारिक मूल्यों, बुजुर्गों के प्रति सम्मान, आत्मविश्वास, सामाजिक व्यवहार एवं व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने की दिशा में सराहनीय पहल साबित हुआ।
सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button