विविध

धान खरीदी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, वास्तविक किसानों का ही धान खरीदा जाएगा

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, जिले में 145 उपार्जन केंद्रों पर होगी खरीदी की व्यवस्था

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा, 14 अक्टूबर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व, खाद्य, सहकारिता एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी हो और वास्तविक किसानों के वास्तविक रकबे के आधार पर ही धान खरीदा जाए।
कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की प्राथमिकता वाला महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए सभी संबंधित विभाग समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करें, ताकि किसानों को खरीदी केंद्रों में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने व्यापारियों, बिचौलियों और कोचियों के माध्यम से होने वाली अवैध धान खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी दिए। इसके लिए राजस्व अधिकारियों, नोडल अधिकारियों और संबंधित विभागों को खरीदी केंद्रों की सतत निगरानी करने को कहा गया।
जिले में 145 उपार्जन केंद्रों पर तैयारी
आगामी खरीफ विपणन वर्ष के लिए कबीरधाम जिले में कुल 145 धान उपार्जन केंद्रों की प्रारंभिक तैयारियां की जा रही हैं। इनमें 108 पुराने केंद्र और 37 नए उपार्जन केंद्र शामिल हैं। कलेक्टर ने सभी केंद्रों में निर्धारित मानकों के अनुसार एल-4 मार्किंग सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
नए उपार्जन केंद्रों पर खरीदी प्रभारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति, सुगम पहुंच मार्ग, भवन और कार्यालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा चबूतरे और फड़ का समतलीकरण, बाउंड्रीवाल, फेंसिंग, सुरक्षा व्यवस्था, जल निकासी तथा धान को सुरक्षित रखने के लिए कैप कवर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
किसानों के लिए पेयजल, छांव और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था
कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा। इसके तहत शुद्ध पेयजल, शौचालय, बैठने के लिए कुर्सी-टेबल, छायादार स्थान, विश्राम शेड और प्राथमिक उपचार पेटी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा तौल कांटों और बाटों का सत्यापन कर वैध प्रमाणपत्र उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही कंप्यूटर, प्रिंटर, जनरेटर, बिजली, बारदाना, सुतली और अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। खरीदी केंद्रों में जरूरी सूचनाएं, फ्लेक्स, सूचना पटल और हितग्राहियों की सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता के अनुसार चेक पोस्ट और मंडी चेक पोस्ट की व्यवस्था भी की जाएगी।
अधिकारियों को सतत निगरानी की जिम्मेदारी
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे खरीदी केंद्रों की तैयारियों का लगातार निरीक्षण करें और सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण कराएं।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, सभी एसडीएम, जिला खाद्य अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा खाद्य, सहकारिता एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button