प्रेस क्लब भवन विवाद पर डिप्टी सीएम से मिले नवनिर्वाचित पदाधिकारी

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा दौरे के दौरान बुधवार को जिला प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने डिप्टी सीएम विजय शर्मा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने जिला प्रेस क्लब के हालिया निर्वाचन की जानकारी देते हुए नई कार्यकारिणी के गठन से अवगत कराया। डिप्टी सीएम ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
मुलाकात के दौरान जिला प्रेस क्लब भवन के कब्जे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पूर्व अध्यक्ष प्रकाश वर्मा और डीएन योगी के भवन में बने रहने का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन से भवन का कब्जा नई कार्यकारिणी को सौंपने की मांग की।
पत्रकारों की बात सुनने के बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि जिला प्रेस क्लब पत्रकारों के लिए आरक्षित है और पत्रकारों के लिए ही रहेगा। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी संस्था के सदस्य हैं, ऐसे में विवाद की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
तहसीलदार के निर्देश की दी जानकारी
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने डिप्टी सीएम को प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों की भी जानकारी दी। बताया गया कि तहसीलदार कवर्धा ने पूर्व अध्यक्ष को निर्धारित समय में प्रेस क्लब भवन खाली कर उसका कब्जा नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को सौंपने के निर्देश दिए हैं।
इस पर डिप्टी सीएम ने प्रशासन से पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।
6 सितंबर को हुआ था निर्वाचन
जिला प्रेस क्लब भवन को लेकर चल रहे विवाद के बीच नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का कहना है कि पुरानी कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद 6 सितंबर को निर्वाचन कराया गया, जिसके बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
नई कार्यकारिणी ने प्रशासन से प्रेस क्लब भवन का प्रभार, चाबी और संबंधित दस्तावेज सौंपने की मांग की है। वहीं, भवन के कब्जे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जारी निर्देशों के बाद अब मामले में आगे की कार्रवाई पर नजर है।





