विविध

प्रेस क्लब भवन पर तहसीलदार का आदेश, 2 दिन में नई कार्यकारिणी को कब्जा सौंपने के निर्देश

पूर्व अध्यक्ष प्रकाश वर्मा को नोटिस, भवन की चाबी और दस्तावेज सौंपने की मांग

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
जिला प्रेस क्लब कवर्धा के भवन और संस्था के प्रभार को लेकर चल रहे विवाद में तहसीलदार न्यायालय ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। तहसीलदार ने पूर्व अध्यक्ष प्रकाश वर्मा को निर्देशित किया है कि जिला प्रेस क्लब भवन का कब्जा दो दिवस के भीतर नवनिर्वाचित अध्यक्ष यशवंत सिंह ठाकुर एवं नई कार्यकारिणी को सौंपा जाए। निर्धारित अवधि में कब्जा नहीं सौंपने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराए जाने की बात नोटिस में कही गई है।
नोटिस में नई कार्यकारिणी की ओर से प्रस्तुत आवेदन का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि पूर्व कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त हो चुका है और नई कार्यकारिणी का निर्वाचन हो चुका है। इसके बावजूद भवन का प्रभार पूर्व अध्यक्ष के पास होने की शिकायत की गई थी। नई कार्यकारिणी ने भवन की चाबी, रजिस्टर, कार्यवाही पुस्तिका, सदस्यता एवं वित्तीय अभिलेख सहित उपलब्ध दस्तावेज सौंपने की मांग की है। नोटिस की प्रतिलिपि एसडीएम कवर्धा एवं थाना प्रभारी को भी भेजी गई है।
06 सितंबर को हुआ नई कार्यकारिणी का निर्वाचन
नई कार्यकारिणी के अनुसार, पूर्व कार्यकारिणी का तीन वर्षीय कार्यकाल 07 जून 2026 को समाप्त हो चुका था। इसके बाद 06 सितंबर को आमसभा आयोजित कर निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। निर्वाचन संबंधी दस्तावेज फर्म्स एवं सोसायटी कार्यालय दुर्ग तथा जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।
नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष यशवंत सिंह ठाकुर, सचिव विजय धृतलहरे, कोषाध्यक्ष श्याम टंडन, कार्यकारी अध्यक्ष देवेन्द्र चंद्रवंशी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
भवन के उपयोग और किराये को लेकर भी सवाल
नई कार्यकारिणी ने आरोप लगाया है कि प्रेस क्लब भवन के कुछ हिस्से को निजी व्यक्तियों को किराये पर दिया गया है और इससे करीब 30 हजार रुपये प्रतिमाह प्राप्त होने की बात सामने आई है। कार्यकारिणी ने किराया अनुबंध, प्राप्त राशि और उसके उपयोग का पूरा हिसाब सामने लाने की मांग की है।
इसके अलावा संस्था के पुराने रिकॉर्ड, सदस्यता प्रक्रिया और वित्तीय दस्तावेजों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नई कार्यकारिणी का दावा है कि इन मामलों को लेकर फर्म्स एवं सोसायटी कार्यालय में शिकायतें भी की गई हैं।
सभी पत्रकारों के साझा उपयोग की मांग
नई कार्यकारिणी का कहना है कि प्रेस क्लब भवन किसी व्यक्ति विशेष की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि पत्रकारों के साझा उपयोग का मंच है। यहां पत्रकारों की बैठक, प्रेस वार्ता और जनहित के मुद्दों पर चर्चा के लिए सभी पात्र पत्रकारों को सुविधा मिलनी चाहिए।
कार्यकारिणी ने प्रशासन से मांग की है कि तहसीलदार के निर्देश के अनुसार भवन का कब्जा और पूरा प्रभार नई कार्यकारिणी को दिलाया जाए तथा भवन एवं भूमि के स्वामित्व/आवंटन से संबंधित राजस्व एवं नजूल अभिलेखों की स्थिति भी स्पष्ट की जाए।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button