विविध

राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित हुए कबीरधाम के दो उत्कृष्ट शिक्षक

व्याख्याता संतोष साहू और चंद्रिका प्रसाद चंद्रवंशी को सम्मान, कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने दी बधाई

कवर्धा। पंडरिया _शिक्षक दिवस के अवसर पर लोकभवन स्थित ‘छत्तीसगढ़ मंडपम’ में आयोजित राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में कबीरधाम जिले के दो उत्कृष्ट शिक्षकों को ‘राज्यपाल पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। समारोह में राज्यपाल रमेन कुमार डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा की उपस्थिति में शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर (नया) के व्याख्याता संतोष कुमार साहू और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुर कला के व्याख्याता चंद्रिका प्रसाद चंद्रवंशी को सम्मानित किया गया।
कलेक्टर ने पुष्पगुच्छ भेंटकर किया सम्मान
दोनों शिक्षकों की इस उपलब्धि पर कबीरधाम कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय में पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका सम्मान किया। उन्होंने दोनों शिक्षकों को बधाई देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
संतोष साहू का शिक्षा और समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
व्याख्याता संतोष कुमार साहू ने विद्यालय में 100 प्रतिशत बोर्ड परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों की संख्या में लगातार वृद्धि और ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने जैसे कार्य किए हैं। कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक शिक्षा तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति अभियान, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, चित्रकला एवं कला आधारित शिक्षा, राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सहभागिता और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
चंद्रिका प्रसाद चंद्रवंशी ने भी छोड़ी अलग छाप
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुर कला के व्याख्याता चंद्रिका प्रसाद चंद्रवंशी को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्यपाल पुरस्कार से नवाजा गया। उन्होंने 100 प्रतिशत बोर्ड परीक्षा परिणाम, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, पर्यावरण संरक्षण तथा सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सम्मान की खास बात
कबीरधाम जिले के दो शिक्षकों—संतोष कुमार साहू और चंद्रिका प्रसाद चंद्रवंशी—को राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह के बाद जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा, जिला मिशन समन्वयक विनोद श्रीवास्तव, सहायक संचालक यू.आर. चंद्राकर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक सिंह ठाकुर, भानु चंद्राकर, खंड स्रोत समन्वयक राम मुरारी यादव, केसलाल साहू सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी दोनों शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button