25 मीटर की दूरी पर तेंदुआ… भीड़ की हूटिंग के बीच एक ही डार्ट में किया बेहोश

सी जी एन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। 25 मीटर की दूरी… सामने करीब 8 साल का नर तेंदुआ और चारों तरफ लोगों की भीड़। जरा सी चूक होती तो रेस्क्यू ऑपरेशन मुश्किल में पड़ सकता था। इसी बीच रायपुर जंगल सफारी से पहुंचे वन्यप्राणी विशेषज्ञ डॉ. जयकिशोर जाड़िया ने मोर्चा संभाला और दोपहर 1:42 बजे एक ही ट्रैंक्यूलाइजर डार्ट से तेंदुए को बेहोश कर दिया।
करीब 15 दिनों से जैतपुरी और सिंघनपुरी के खेतों में तेंदुए की मौजूदगी से डरे ग्रामीणों ने इसके बाद राहत की सांस ली। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे जैतपुरी गांव में खेत के पास तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली। करीब आधे घंटे में डीएफओ निखिल अग्रवाल, वन अमला और कवर्धा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। तेंदुए की लोकेशन मिलने के बाद इलाके को घेरकर ग्रामीणों को दूर किया गया।
100 मीटर की परिधि, अंदर रेस्क्यू
रेस्क्यू के दौरान सबसे बड़ी चुनौती तेंदुए से ज्यादा आसपास मौजूद भीड़ थी। ग्रामीण तेंदुए को देखने के लिए लगातार मौके पर जुट रहे थे। बीच-बीच में हूटिंग भी हो रही थी। पुलिस जवानों ने करीब 100 मीटर की परिधि बनाकर लोगों को दूर रखा। वन अमले ने तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी।
दोपहर करीब 1:30 बजे रायपुर जंगल सफारी से वन्यप्राणी विशेषज्ञ डॉक्टर की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद डॉ. जाड़िया ने रेस्क्यू की कमान संभाली। करीब 25 मीटर की दूरी से उन्होंने तेंदुए पर ट्रैंक्यूलाइजर डार्ट दागा और एक ही प्रयास में तेंदुए को बेहोश कर दिया
15 दिन से खेतों में दिख रहा था, दो दिन पहले किया था बकरे का शिकार
डीएफओ निखिल अग्रवाल के अनुसार, जैतपुरी और आसपास के क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से तेंदुए की मौजूदगी की सूचनाएं मिल रही थीं। हर तीसरे-चौथे दिन तेंदुआ दिखाई देने की सूचना सामने आ रही थी। दो दिन पहले एक बकरे के शिकार की जानकारी भी मिली थी। इससे ग्रामीणों में डर और बढ़ गया था।
हालांकि पकड़ा गया तेंदुआ वही है, जिसे पिछले दिनों ग्रामीणों ने देखा था या इलाके में कोई दूसरा तेंदुआ भी सक्रिय है, यह अभी निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता। रेस्क्यू के बाद तेंदुए को भोरमदेव अभयारण्य में सुरक्षित छोड़ा गया है।
खास बात: करीब 8 साल के नर तेंदुए को 25 मीटर की दूरी से एक ही ट्रैंक्यूलाइजर डार्ट में बेहोश किया गया। रेस्क्यू के दौरान पुलिस ने करीब 100 मीटर की परिधि बनाकर भीड़ को दूर रखा।



