विविध

फॉरेस्ट क्लीयरेंस नहीं मिली, बैगा गांव को मुख्यधारा से जोड़ने वाली सड़क ही अधूरी

3.30 करोड़ की लागत से बन रही 4.70 किमी सड़क; तय समय के करीब 8 महीने बाद भी अधूरी, 6 महीने से काम बंद

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा/चिल्फी घाटी
चिल्फी घाटी के मांदीभाट खुर्द गांव में पीएम-जनमन योजना के तहत 3.30 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जा रही 4.70 किलोमीटर सड़क अधूरी पड़ी है। जिस सड़क का उद्देश्य बैगा परिवारों को सालभर मुख्य मार्ग से जोड़ना था, वही सड़क बारिश के मौसम में ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
सड़क का निर्माण दिसंबर 2025 तक पूरा होना था। निर्धारित समय सीमा बीते करीब 8 महीने हो चुके हैं, लेकिन सड़क अब तक पूरी नहीं हो सकी है। वहीं पिछले करीब 6 महीने से निर्माण कार्य बंद है। बारिश के कारण अधूरे रास्ते पर पानी भरने और मिट्टी बहने से कई हिस्सों में कीचड़ और दलदल की स्थिति बन गई है।
राशन, बाजार और इलाज के लिए इसी रास्ते पर निर्भर 70 परिवार
मांदीभाट खुर्द में करीब 70 परिवार निवासरत हैं और गांव में शत-प्रतिशत बैगा परिवार हैं। ग्रामीणों के लिए यह सड़क मुख्य मार्ग तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। राशन लेने, हाट-बाजार जाने, बच्चों को स्कूल पहुंचाने और इलाज के लिए ग्रामीणों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।
बारिश में सड़क की स्थिति खराब होने से दोपहिया वाहन निकालना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को मुख्य मार्ग तक पहुंचाने में भी ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
12 महीने में पूरा होना था काम, 20 महीने बाद भी अधूरा
निर्माण स्थल पर लगे सूचना बोर्ड के अनुसार मेन रोड से मांदीभाट खुर्द तक 4.70 किलोमीटर सड़क की लागत 330.71 लाख रुपए है। वर्कऑर्डर के अनुसार सड़क का काम 5 दिसंबर 2024 से शुरू होकर 12 महीने में यानी दिसंबर 2025 तक पूरा किया जाना था।
लेकिन निर्धारित समय सीमा के काफी बाद भी सड़क का बड़ा हिस्सा अधूरा है। कई जगह केवल मुरुम बिछाई गई है, जबकि कुछ हिस्सों में सीसी रोड का निर्माण किया गया है।
भास्कर इनसाइट: अनुमति के इंतजार में निकल गए 8-9 महीने
सड़क का अधिकांश हिस्सा वन क्षेत्र में आने के कारण निर्माण कार्य शुरू करने में ही करीब 8-9 महीने लग गए। वन विभाग की अनुमति नहीं मिलने के कारण निर्धारित समय पर काम शुरू नहीं हो सका।
अनुमति मिलने के बाद निर्माण शुरू हुआ और सड़क पर मुख्य रूप से मुरुम बिछाने के साथ कुछ हिस्सों में सीसी रोड बनाई गई। हालांकि पूरा रास्ता तैयार होने से पहले ही काम दोबारा बंद हो गया। अब बारिश के कारण निर्माण स्थल पर कीचड़ और दलदल की स्थिति बन गई है।
खंभों की शिफ्टिंग भी नहीं हुई
निर्माणाधीन सड़क के कुछ हिस्सों में बिजली के खंभे भी मार्ग के किनारे मौजूद हैं। इनकी शिफ्टिंग नहीं होने से भी सड़क निर्माण की प्रक्रिया प्रभावित होने की बात सामने आई है।
बारिश खत्म होने के बाद तेजी से शुरू होगा काम
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के ईई विकास कौशिक ने बताया कि सड़क का अधूरा हिस्सा वन क्षेत्र में आता है। इसके लिए नागपुर से अनुमति की प्रक्रिया चल रही थी। अब एनओसी मिल गई है। बारिश का मौसम खत्म होने के बाद अधूरे हिस्से का काम तेजी से शुरू कराया जाएगा।
खास बात: पीएम-जनमन योजना का उद्देश्य विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। ऐसे में योजना के तहत स्वीकृत सड़क का समय पर पूरा नहीं होना ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही और जरूरी सेवाओं तक पहुंच को सीधे प्रभावित कर रहा है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button