कलेक्ट्रेट घेराव करने निकले युवाओं को पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोका

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
आरक्षक भर्ती की दूसरी चयन सूची जारी करने की मांग, प्रदेशभर से पहुंचे अभ्यर्थी; अंबेडकर पार्क में देर रात तक चला प्रदर्शन
कवर्धा में पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 की प्रथम चयन सूची के बाद रिक्त रह गए करीब 1600 पदों को दूसरी चयन सूची के माध्यम से भरने की मांग को लेकर प्रदेशभर से आए अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन किया। राजमहल चौक स्थित अंबेडकर पार्क में दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा। प्रदर्शन में बिलासपुर, बस्तर, मुंगेली, बेमेतरा, कबीरधाम सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष अभ्यर्थी शामिल हुए।
1600 पद रिक्त होने का दावा
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 में 5967 पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। अभ्यर्थियों के अनुसार एक से अधिक जिलों की चयन सूची में नाम आने के कारण करीब 4367 पद ही भरे जा सके, जबकि लगभग 1600 पद अब भी रिक्त हैं। इन रिक्त पदों को प्रथम चयन सूची के बाद दूसरी सूची जारी कर भरने की मांग अभ्यर्थी लगातार कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि इस मांग को लेकर करीब 7 से 8 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के चलते प्रदेशभर के अभ्यर्थी कवर्धा पहुंचकर आंदोलन करने के लिए मजबूर हुए।
कलेक्टोरेट घेराव के लिए निकले, पुलिस ने रोका
अंबेडकर पार्क में धरना-प्रदर्शन के बाद अभ्यर्थी नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के लिए रवाना हुए। पुलिस ने रेस्ट हाउस के सामने बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया।





