मंदिर चोरी का खुलासा, पण्डरिया पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
चोरी की कांसे की सामग्री और 2,200 रुपए नगद बरामद, दूसरे मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने की बात भी स्वीकारी
सीजीएन न्यूज़ | पण्डरिया। कवर्धा
पण्डरिया पुलिस ने मंदिर में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की कांसे की सामग्री, घटना के समय पहने कपड़े एवं गमछा और 2,200 रुपए नगद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने कवर्धा के एक अन्य मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने की बात भी स्वीकार की है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पण्डरिया श्री भूपत सिंह के दिशा-निर्देश में थाना पण्डरिया पुलिस ने कार्रवाई की।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस
थाना पण्डरिया क्षेत्र के श्री राम जानकी मंदिर, रौहा पण्डरिया से चांदी एवं कांसे की सामग्री चोरी होने की शिकायत पर अपराध क्रमांक 156/2026, धारा 331(4), 305A बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में भेजी गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद टीम ने कवर्धा क्षेत्र से शेरा उर्फ कैलाश चंद्रवंशी (25 वर्ष), निवासी कंझेटा, थाना पाण्डातराई को गिरफ्तार किया।
निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद
पूछताछ में आरोपी ने मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 2 कांसे की थाली, 1 कांसे की घंटी, 1 प्लेट, 2 कांसे की कटोरी और 1 कांसे का दिया बरामद किया। इसके अलावा घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े एवं गमछा तथा 2,200 रुपए नगद भी जब्त किए गए।
हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने की बात स्वीकारी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने रेवाबंध तालाब के पास स्थित हनुमान मंदिर, कवर्धा से चांदी का मुकुट चोरी करने की बात भी स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि उसने मुकुट को टुकड़ों में तोड़कर रास्ते में आने-जाने वाले राहगीरों को बेच दिया था। मामले की जानकारी थाना सिटी कोतवाली कवर्धा को प्रेषित कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पण्डरिया पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपी को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पण्डरिया निरीक्षक श्री अजय सिंह एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



