तक्ष पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

कवर्धा। तक्ष पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल, लालपुर कला में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। हृदय पंच शिक्षण समिति द्वारा संचालित विद्यालय परिसर में शान से तिरंगा फहराया गया।
कार्यक्रम में संस्था के डायरेक्टर डॉ. कुशलचंद दशोमती साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि श्रीमती गंगा बाई लोकचंद साहू तथा विशिष्ट अतिथि दशरथ साहू (पूर्व सरपंच), दयाल साहू एवं परष साहू सहित अभिभावकगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ डायरेक्टर डॉ. कुशलचंद दशोमती साहू ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां सरस्वती के छायाचित्र पर तिलक-चंदन एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद वीर जवानों को नमन करते हुए ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई।
अपने उद्बोधन में डायरेक्टर ने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त 1947 भारत के इतिहास का गौरवपूर्ण दिवस है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए हमें देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए सदैव अपना योगदान देना चाहिए।
समारोह में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि दी। बच्चों ने शहीद भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी एवं रानी लक्ष्मीबाई के जीवन और देशभक्ति की भावना को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अभिभावक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण देखने को मिला।





