सात सूत्रीय मांगों को लेकर सहायक शिक्षक फेडरेशन ने विधायक भावना बोहरा को सौंपा ज्ञापन

कवर्धा | 10 जुलाई।
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने अपनी सात सूत्रीय मांगों के समर्थन में शुक्रवार को जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा को ज्ञापन सौंपा। यह अभियान प्रदेशभर में सांसदों एवं विधायकों को ज्ञापन सौंपने के राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा के नेतृत्व में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए सहायक शिक्षकों की लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। विधायक भावना बोहरा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि शिक्षकों की मांगों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
फेडरेशन ने ज्ञापन के माध्यम से सात प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें मोदी की गारंटी के अनुरूप सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करना, क्रमोन्नति वेतनमान प्रदान करना, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर सभी लाभ देना, विभागीय टेट का आयोजन, वीएसके एप की तकनीकी समस्याएं दूर होने तक वेतन कटौती पर रोक, एकल शिक्षक विद्यालयों में शिक्षकों की व्यवस्था तथा वरिष्ठता के आधार पर शीघ्र पदोन्नति शामिल हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष प्रेम नारायण शर्मा, कार्यकारी जिला अध्यक्ष केशलाल साहू, कवर्धा ब्लॉक अध्यक्ष लोकेंद्र चंद्रवंशी, अर्चना तिवारी, रश्मि केसरवानी, संजय साहू, रामचंद्र साहू, संजय राज, बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष धरमू दास कुर्रे, भुवनेश्वर भट्ट, संजय घावड़े सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।





