विविध

351 करोड़ की हाईवे परियोजना कछुए की चाल, सचिव भड़के

अफसरों से बोले- दफ्तर छोड़ो, फील्ड में उतरो

कवर्धा। केंद्रीय परिवहन मंत्रालय द्वारा नेशनल हाईवे-130 (ए) के पौड़ी-पंडरिया-बिलासपुर खंड के टू-लेन बायपास और सड़क चौड़ीकरण के लिए 351 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं, लेकिन निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। हालात यह हैं कि करोड़ों की यह परियोजना कब पूरी होगी, यह कहना मुश्किल हो गया है। ठेकेदारों की सुस्ती और अधिकारियों की लापरवाही के कारण काम कछुए की चाल से भी धीमा चल रहा है।
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल शुक्रवार को कवर्धा दौरे पर पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन हाईवे और बायपास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान काम की धीमी रफ्तार देखकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि “दफ्तर छोड़िए और फील्ड में उतरिए, तभी काम पूरा होगा।” सचिव ने जिम्मेदार एजेंसियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण में सामने आया कि पौड़ी में करीब 2 किलोमीटर सड़क अधूरी पड़ी है, जबकि पौड़ी-सिल्हाटी बायपास रोड का निर्माण पिछले दो वर्षों से बंद है। वहीं पांडातराई के गडई खुर्द में फोक नदी पर बन रहा पुल भी तीन साल से अधूरा पड़ा हुआ है। इससे रोजाना हजारों यात्रियों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गडई खुर्द में पुल निर्माण भूमि अधिग्रहण विवाद के कारण अटका हुआ है। पुल के एक हिस्से की जमीन अधिग्रहित नहीं होने से निर्माण कार्य रुका पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित जमीन मालिकों ने निर्माण रोक दिया है। अधूरे पुल के कारण लोग पुराने जर्जर पुल से आवाजाही करने को मजबूर हैं। कुछ दिन पहले इसी पुल से एक कार नदी में गिर गई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी।
सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक के बाद सचिव बंसल ने मौके पर जाकर निर्माण कार्य का जायजा लिया। बैठक में प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी, मुख्य अभियंता नागेश जयंत, एनएच के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप और कलेक्टर गोपाल वर्मा भी मौजूद थे।
पौड़ी-सिल्हाटी बायपास रोड का ठेका रायपुर के ठेकेदार सुशील अग्रवाल को मिला है। एनएच के एसडीओ एआर पैश्वार ने बताया कि ठेकेदार काम नहीं कर रहा है और डीजल तथा डामर नहीं मिलने का बहाना बना रहा है। विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पंडरिया में सड़क निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और पौड़ी के अधूरे हिस्से में भी जल्द काम शुरू कराया जाएगा।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button