सुशासन तिहार में जनता के बीच पहुंचीं विधायक भावना बोहरा, कहा – “जनसेवा ही हमारा संकल्प”
समाधान शिविर में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, हितग्राहियों को वितरित किए प्रमाण पत्र एवं सहायता सामग्री

पंडरिया। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे सुशासन तिहार के अंतर्गत पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम पंचायत रणवीरपुर एवं घुटुरकुण्डी में आयोजित समाधान शिविर में शामिल होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान विधायक भावना बोहरा ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को राशन कार्ड, ट्राइसिकल, लखपति दीदियों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने योजनाओं से लाभान्वित लोगों से संवाद कर उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की जानकारी भी ली।
“सुशासन तिहार भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक”
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य सुशासन की सशक्त स्थापना, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा तथा जनसंवाद को मजबूत बनाना है।
उन्होंने कहा,
“जनसेवा ही हमारा संकल्प है और जनता की समस्याओं का समाधान ही हमारी प्राथमिकता है। सुशासन तिहार भाजपा सरकार की इसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
डबल इंजन सरकार से विकास को मिली गति
विधायक बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। किसानों को आधुनिक कृषि के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य संचालित हो रहे हैं। वनांचल क्षेत्रों से लेकर गांवों तक सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली एवं सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। महतारी वंदन योजना, पीएम आवास योजना एवं पीएम जनमन योजना जैसी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, राजकुमारी राजेंद्र साहू, जनपद अध्यक्ष दुर्गा सिंह, नंदनी साहू, जिला मंत्री राघवेंद्र वर्मा, मंडल अध्यक्ष नरेश साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की जनहितकारी योजनाओं और सुशासन की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।





