विविध

हत्या प्रकरण में त्वरित कार्रवाई : आरोपी गिरफ्तार, रक्तरंजित कपड़े जप्त

कवर्धा, 11 मई 2026।
जिला कबीरधाम के थाना कोतवाली क्षेत्र में हुए हत्या प्रकरण में कबीरधाम पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित कपड़े भी जप्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल तथा डीएसपी आशीष शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली कवर्धा पुलिस टीम ने मामले में गंभीरता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नूतन यादव निवासी पैठूपारा कवर्धा ने थाना कवर्धा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई भैयालाल यादव उर्फ भूपेन्द्र 10 मई 2026 को सुबह से ठाकुरपारा निवासी अमन ठाकुर के साथ था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान ठाकुरपारा स्थित एक मकान में भैयालाल यादव उर्फ भूपेन्द्र गंभीर रूप से घायल एवं रक्तरंजित अवस्था में मिला, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों और संबंधित गवाहों से पूछताछ शुरू की। विवेचना के दौरान संदेही अखिलेष ठाकुर उर्फ अमन ठाकुर से पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और मृतक विभिन्न स्थानों पर घूमते हुए शराब का सेवन कर रहे थे। बाद में दोनों आरोपी के घर पहुंचे, जहां शराब पीने के दौरान विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें आरोपी ने मृतक को जमीन पर पटक दिया। गिरने से मृतक के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने अपने रक्तरंजित कपड़े बदलकर घर में छिपा दिए थे।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े जप्त किए। संकलित साक्ष्यों एवं गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी अखिलेष ठाकुर उर्फ अमन ठाकुर (33 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 22 ठाकुरपारा कवर्धा को 11 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है तथा आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की गई। मामले की विवेचना जारी है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button