सावन में कांवरियों की सेवा को समर्पित यूथ क्लब, 9 व 16 अगस्त को लगेगा विशाल भंडारा
कवर्धा। पवित्र श्रावण (सावन) माह में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भोरमदेव धाम पहुंचने वाले कांवरियों की सेवा के उद्देश्य से कवर्धा की सामाजिक संस्था यूथ क्लब इस वर्ष भी विशेष सेवा अभियान चलाएगी। संस्था अपनी स्थापना के 50वें वर्ष (स्वर्ण जयंती वर्ष) के अवसर पर 9 और 16 अगस्त को ग्राम समनापुर (भोरमदेव रोड) स्थित मिडिल स्कूल परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन करेगी। यहां सुबह 6 बजे से भोरमदेव धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन एवं प्रसादी वितरित की जाएगी।
यूथ क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से सावन माह में कांवरियों की सेवा करती आ रही है। इस बार स्वर्ण जयंती वर्ष होने के कारण स्वयंसेवकों में विशेष उत्साह है। भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं को भोजन कराने के साथ उनका आत्मीय स्वागत भी किया जाएगा, ताकि उनकी धार्मिक यात्रा अधिक सहज और सुखद बन सके।
पूरे सावन माह निःशुल्क मिलेगी ठहरने की सुविधा
संस्था ने केवल भंडारे तक ही अपनी सेवा सीमित नहीं रखी है। पूरे सावन माह के दौरान कवर्धा शहर स्थित यूथ क्लब भवन को कांवरियों के लिए निःशुल्क विश्राम स्थल के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। यहां बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भोरमदेव धाम पहुंचने वाले कांवरियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था रहेगी। प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ उठाते हैं।
बम समितियां करा सकती हैं अग्रिम आरक्षण
यूथ क्लब ने बताया कि जिले के बाहर अथवा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली बम समितियां यदि क्लब भवन में ठहरना चाहती हैं, तो वे पूर्व निर्धारित तिथि के अनुसार अग्रिम आरक्षण करा सकती हैं।
आरक्षण एवं जानकारी के लिए संपर्क करें—
बलबीर खनूजा (अध्यक्ष, यूथ क्लब): 94252 46793
प्रमोद लुनिया (भवन प्रभारी): 94252 41592
यूथ क्लब का यह सेवा अभियान सामाजिक समर्पण, धार्मिक आस्था और मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण माना जाता है। संस्था के इस निःस्वार्थ प्रयास से हर वर्ष हजारों कांवरियों को लाभ मिलता है।





