मोहतरा कला में आकार ले रहा अनूठा शिवधाम, एक ही परिसर में होंगे 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन
केदारनाथ और महाकाल मंदिर की भव्य झांकियां बनेंगी आकर्षण; युवा सरपंच वर्षा निलेश चंद्रवंशी की पहल से गांव को धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी

सीजीएन न्यूज़ | कुण्डा। कवर्धा
कुण्डा। कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहतरा कला में ग्रामीण विकास की एक अनूठी तस्वीर सामने आ रही है। गांव के नवनिर्मित स्वामी विवेकानंद उद्यान में शिवधाम का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इस शिवधाम में देश के प्रसिद्ध 12 ज्योतिर्लिंगों के साथ केदारनाथ धाम और उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की आकर्षक प्रतिकृतियां तैयार की जा रही हैं। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह परिसर धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य का अनूठा संगम बनेगा।
गौरतलब है कि मोहतरा कला पंचायत द्वारा उद्यान को केवल मनोरंजन का स्थल बनाने के बजाय धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने की पहल की गई है। एक ही परिसर में 12 ज्योतिर्लिंगों की झांकियां विकसित करने की परिकल्पना ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। पंचायत का दावा है कि जिले की पंचायतों में इस तरह की अनूठी परिकल्पना वाला उद्यान अपनी अलग पहचान बनाएगा।
युवा सरपंच की सोच से गांव को मिल रही नई पहचान
ग्राम पंचायत की युवा सरपंच श्रीमती वर्षा निलेश चंद्रवंशी की पहल पर गांव को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वामी विवेकानंद उद्यान में शिवधाम निर्माण इसी सोच का हिस्सा है। इससे पहले भी सरपंच द्वारा निजी खर्च से अटल उद्यान का निर्माण कराया गया था, जिसकी क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा ने सराहना की थी।
सरपंच वर्षा निलेश चंद्रवंशी का मानना है कि गांव का विकास केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि गांव की सांस्कृतिक पहचान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
‘मोहतरा कला को आस्था और संस्कृति का केंद्र बनाना हमारा सपना’
सरपंच श्रीमती वर्षा निलेश चंद्रवंशी ने कहा कि हमारा सपना है कि मोहतरा कला सिर्फ एक गांव नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का केंद्र बने। स्वामी विवेकानंद उद्यान में बन रहा शिवधाम गांव की पहचान बनेगा। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का अवसर मिलेगा। यह हमारे बुजुर्गों, माताओं-बहनों और युवाओं के लिए गर्व की बात होगी।
उन्होंने बताया कि पंचायत का उद्देश्य गांव को स्वच्छ, सुंदर और संस्कारित बनाना है। उद्यान में बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था, हरियाली और प्रकाश की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस परिसर को अपनी सामूहिक धरोहर समझकर इसकी स्वच्छता और सुरक्षा में सहयोग करें।
विधायक भावना बोहरा ने सरपंच के प्रयासों को बताया प्रेरणादायक
क्षेत्रीय विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने मोहतरा कला में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए सरपंच वर्षा निलेश चंद्रवंशी के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि सरपंच ने जिस लगन और दूरदृष्टि के साथ गांव के विकास को आगे बढ़ाया है, वह पूरे क्षेत्र के लिए उदाहरण है।
विधायक के अनुसार शिवधाम का निर्माण केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि सनातन परंपरा और आस्था को आने वाली पीढ़ियों से जोड़ने का प्रयास है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ गांव की पहचान मजबूत हो सकती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं। विधायक ने पंचायत को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। इससे पहले भी निजी खर्च से अटल उद्यान निर्माण कराने के प्रयासों की विधायक सराहना कर चुकी हैं।
निर्माण को लेकर ग्रामीणों में उत्साह, लोकार्पण का इंतजार
शिवधाम निर्माण को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि निर्माण पूरा होने के बाद स्वामी विवेकानंद उद्यान क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं आकर्षक स्थलों में शामिल होगा। यहां ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां, केदारनाथ और महाकाल की झांकियां तथा स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा परिसर की शोभा बढ़ाएंगी।
पंचायत द्वारा निर्माण कार्य की निगरानी की जा रही है और इसे जल्द पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है। अब ग्रामीणों को इस अनूठे शिवधाम के लोकार्पण का इंतजार है। मोहतरा कला की यह पहल बताती है कि स्थानीय नेतृत्व की सकारात्मक सोच और ग्रामीणों की सहभागिता से गांव को विकास के साथ एक अलग सांस्कृतिक पहचान भी दिलाई जा सकती है।





