18 आपराधिक प्रकरणों के बाद सूरवीर देवार पर कार्रवाई, एक साल के लिए जिला बदर
वर्ष 2015 से 2023 के बीच दर्ज हुए 18 मामले, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद भी सुधार नहीं होने पर जिला दंडाधिकारी का आदेश

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा
कवर्धा। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिला दंडाधिकारी ने देवारपारा, कवर्धा निवासी सूरवीर देवार, पिता सुशील देवार, को एक वर्ष के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 3 सहपठित धारा 5(ख) के तहत की गई है।
वर्ष 2015 से 2023 तक 18 आपराधिक मामले
प्रशासन के अनुसार, सूरवीर देवार के विरुद्ध वर्ष 2015 से 2023 के बीच कुल 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें संपत्ति संबंधी अपराध, गाली-गलौज, मारपीट, बलवा, सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर भय उत्पन्न करने सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले शामिल हैं। उसके विरुद्ध समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण जिला बदर की कार्रवाई की गई।
आम नागरिकों में भय का वातावरण
प्रकरण में उल्लेख किया गया है कि कवर्धा नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों के कारण आम नागरिकों में भय का वातावरण बनने की स्थिति सामने आई। इसके चलते लोगों के शिकायत करने और न्यायालय में साक्ष्य देने से हिचकिचाने की बात भी सामने आई। उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों पर विचार करने के बाद जिला दंडाधिकारी ने जिला बदर का आदेश पारित किया।
चार जिलों की सीमाओं से बाहर रहने का आदेश
आदेश के अनुसार, सूरवीर देवार को कबीरधाम जिले के साथ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बेमेतरा और मुंगेली जिलों की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं। वह एक वर्ष तक सक्षम प्राधिकारी की वैधानिक पूर्व अनुमति के बिना इन जिलों की सीमाओं में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
अन्य असामाजिक तत्व भी पुलिस के रडार पर
कबीरधाम पुलिस जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है। ऐसे व्यक्तियों को चिह्नित कर उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सक्षम प्राधिकारी के समक्ष जिला बदर का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में आम नागरिकों की सुरक्षा, लोक शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




