विविध

गांवों के कामकाज में अब एआई की दस्तक, कबीरधाम में शुरू हुई ‘मैं एआई जागरूक हूं’ पहल

समनापुर के सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण से हुई शुरुआत, आवास निर्माण में भी एआई के उपयोग पर जोर

सीजीएन न्यूज़ | कवर्धा, 29 सितंबर 2026।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई अब केवल शहरों और बड़े संस्थानों तक सीमित नहीं रहेगा। कबीरधाम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी एआई के व्यावहारिक उपयोग और इसकी संभावनाओं को लोगों तक पहुंचाने की पहल शुरू की गई है। जिला प्रशासन ने सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मैं एआई जागरूक हूं’ अभियान को जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को एआई की उपयोगिता, सुरक्षित इस्तेमाल और रोजमर्रा के कामों में इसके संभावित प्रयोगों से परिचित कराना है। मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में ‘मैं एआई जागरूक हूं’ अभियान को लेकर प्रस्तुतिकरण दिया गया। बैठक में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, जिला पंचायत के सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, रामप्रसाद आंचला सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
सामुदायिक भवन के डिजाइन में दिखा एआई का प्रयोग
बैठक में ईई आरईएस श्री सुरेन्द्र पटेल ने एआई के व्यावहारिक इस्तेमाल का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि ग्राम समनापुर के पटेलपारा स्थित सामुदायिक भवन को आकर्षक और उपयोगी स्वरूप देने के लिए एआई तकनीक की मदद ली जा रही है।
एआई के माध्यम से भवन के सौंदर्यीकरण, स्वरूप और संभावित डिजाइन के विभिन्न विकल्पों को देखा जा रहा है। इससे उपलब्ध संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के साथ भवन को अधिक आकर्षक और उपयोगी बनाने की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में भी हो सकता है उपयोग
अधिकारियों के अनुसार एआई का इस्तेमाल केवल भवनों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले मकानों की बेहतर योजना और डिजाइन तैयार करने में भी इसका उपयोग किया जा सकता है।
एआई की मदद से हितग्राहियों को मकान के संभावित स्वरूप, कम जगह में बेहतर उपयोग, आवश्यक सुविधाओं और डिजाइन के विभिन्न विकल्पों को समझने में सहायता मिल सकती है।
गांवों में बढ़ेगी डिजिटल समझ
जिला प्रशासन का फोकस एआई को केवल आधुनिक तकनीक के रूप में प्रस्तुत करने के बजाय इसे आम नागरिकों के लिए उपयोगी तकनीक बनाने पर है। ग्रामीण क्षेत्रों में एआई के सुरक्षित, जिम्मेदार और व्यावहारिक इस्तेमाल की जानकारी देकर डिजिटल जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
‘मैं एआई जागरूक हूं’ पहल के जरिए सेवा संकल्प अभियान में तकनीकी जागरूकता, डिजिटल साक्षरता और जनसशक्तिकरण को जोड़ा जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि आने वाले समय में एआई का उपयोग ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों में भी उपयोगी साबित हो सकता है।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button