विविध

3.75 लाख की उधारी चुकाने पहुंचे तो बैग में निकले 4.50 लाख के नकली नोट, कबीरधाम में नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश

CGN News | कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो कलर प्रिंटर से नकली नोट तैयार कर उन्हें असली बताकर बाजार में खपाने की तैयारी में था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 12.50 लाख रुपए के नकली नोट, कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, मोबाइल फोन और एक टाटा पंच ईवी कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, पूरा मामला 3.75 लाख रुपए की उधारी चुकाने के नाम पर नकली नोटों की डिलीवरी से खुला। ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव ने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3.75 लाख रुपए उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर आरोपी ने सतीश कुमार के माध्यम से पैसा भेजने की बात कही और 9 अगस्त की रात ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास रकम लेने बुलाया।
दिनेश अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ मौके पर पहुंचा, जहां सतीश कुमार और उसके साथी ने काले रंग के बैग में रकम दी। संदेह होने पर जब नोटों की जांच की गई तो मामला चौंकाने वाला निकला। बैग में 500-500 रुपए के कुल 4.50 लाख रुपए नकली नोट मिले। इसके बाद 10 अगस्त को चौकी पोंडी में शिकायत दर्ज कराई गई।
पूछताछ में खुला पूरा नेटवर्क
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने और उन्हें खपाने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जुलाई 2026 से नकली नोट छापने का खेल शुरू किया था। रामप्रसाद और सतीश ने 13 जुलाई को कलर प्रिंटर खरीदा और नए बस स्टैंड के पास किराए का मकान लेकर वहां नकली नोट तैयार करने का काम शुरू किया। घुरवा राम भी इस नेटवर्क में शामिल था, जबकि सतीश और रामप्रसाद नकली नोटों की डिलीवरी करने जाते थे।
उधारी की रकम के बहाने नकली नोट खपाने की साजिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने नकली नोटों को बाजार में असली मुद्रा के रूप में चलाने की योजना बनाई थी। इसी साजिश के तहत दिनेश कुमार की 3.75 लाख रुपए की उधारी लौटाने के नाम पर 4.50 लाख रुपए के नकली नोट थमा दिए गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और प्रार्थी द्वारा उपलब्ध कराए गए नकली नोटों को मिलाकर कुल 12.50 लाख रुपए के नकली नोट जब्त किए हैं।
आरोपियों से क्या-क्या हुआ बरामद
सतीश कुमार से 2 लाख रुपए के नकली नोट
रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4.50 लाख रुपए के नकली नोट
घुरवा राम से 1.50 लाख रुपए के नकली नोट
प्रार्थी द्वारा पुलिस को सौंपे गए 4.50 लाख रुपए के नकली नोट
कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन
मोबाइल फोन
टाटा पंच ईवी कार
आगे कहां खपाए नकली नोट, पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने अब तक कितने नकली नोट तैयार किए, किन लोगों को दिए और किन-किन स्थानों पर उन्हें खपाया गया। नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल सामग्री और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मामले में चौकी पोंडी थाना बोडला में अपराध क्रमांक 101/26, धारा 179 एवं 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जांच के दौरान धारा 178, 180 और 181 बीएनएस भी जोड़ी गई है।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में सतीश कुमार (33), निवासी मजगांव रोड, थाना कवर्धा; रामप्रसाद उर्फ रमऊ (56), निवासी तालपुर, थाना सिटी कोतवाली कवर्धा; तथा घुरवा राम, निवासी कान्हाभैरा, थाना पिपरिया को गिरफ्तार किया है।
साइबर टीम और पोंडी पुलिस की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर, चौकी पोंडी प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मीनारायण साव सहित पुलिस टीम और साइबर टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध नोट अथवा संदिग्ध वित्तीय लेन-देन को लेकर सतर्क रहें। नकली नोट से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस चौकी को सूचना दें।

Advertisement Advertisement 2

Brajesh Gupta

Editor, cgnnews24.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button